गुमशुदगी दर्ज एवं पहचान के बाद भी पांच दिन तक शव रखा शीतगृह में
पत्नी रोज थाने के चक्कर लगाती रही, पुलिस ने नहीं दी सूचना — अस्पताल में फूटा परिजनों का गुस्सा
सीवान, 21 मार्च (हि.स.)। सीवान जिले में पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला एक चौंकाने वाला मामला शनिवार को सामने आया, जहां नगर थाना पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है। गुमशुदगी का मामला दर्ज करने के बावजूद पुलिस ने न तो समय पर कार्रवाई की और न ही मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना देना जरूरी समझा।
मामला 08 मार्च का है, जब नगर थाना क्षेत्र निवासी सौरभ गुप्ता के लापता होने की शिकायत उसकी पत्नी रेखा गुप्ता ने दर्ज कराई थी। बताया जाता है कि 07 मार्च को सौरभ अचानक गायब हो गए थे। इसके बाद उनकी पत्नी लगातार कई दिनों तक थाने का चक्कर लगाती रही, लेकिन पुलिस हर बार उसे टालती रही।
इसी बीच चौंकाने वाली बात यह सामने आई कि 09 मार्च को सौरभ कगुप्ता को किसी ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसकी सूचना नगर थाना पुलिस को दे दी गई थी। इलाज के दौरान 16 मार्च को उसकी मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव को शीत गृह में रखवा दिया।
सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मृतक की पहचान सौरभ गुप्ता के रूप में हो चुकी थी, इसके बावजूद पुलिस ने न तो गुमशुदगी का मामला बंद किया और न ही उसके परिजनों को इसकी सूचना दी। शव पांच दिनों तक शीतगृह में पड़ा रहा और परिजन अनजान बने रहे।
शनिवार को जब रेखा गुप्ता फिर से अपने पति की तलाश में नगर थाने पहुंची, तब पुलिस ने उसे एक शव का पोस्टमार्टम होने की जानकारी दी और पहचान के लिए अस्पताल भेज दिया। जैसे ही महिला ने शव देखा, वह दहाड़ मारकर रोने लगी। इसके बाद परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और सदर अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा हुआ।
मृतक की पत्नी ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं बल्कि साजिश है। परिजन का आरोप है कि अगर समय रहते सूचना दी जाती तो स्थिति अलग हो सकती थी।
यह पूरा मामला पुलिस की संवेदनहीनता और कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। आखिर पहचान होने के बावजूद शव को पांच दिनों तक शीतगृह में क्यों रखा गया? क्यों नहीं परिजनों को सूचित किया गया? इन सवालों का जवाब अब पुलिस विभाग के आलाधिकारी ही दे सकते हैं।फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया है और लोग पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma

