मोबाइल चोरी का खुलासा, 21 लाख कीमत के 137 मोबाइल बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपे
फतेहपुर, 04 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में गुरुवार को पुलिस की सीसीटीएनएस टीम ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से चोरी हुए 137 मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालकों को लौटाए। खोये हुए अपने मोबाइल पाकर लोग़ों के चेहरे में खुशी दिखी और पुलिस टीम का आभार जताया। बरामद मोबाइल की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई जा रही है।
रिजर्व पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता में मोबाइल चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक व अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञान प्रकाश राय ने सभी बरामद मोबाइल उनके असली मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने फतेहपुर पुलिस की सराहना कर आभार जताया।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जिले के सभी 21 थानों की सीसीटीएनएस टीमों ने सीईआईआर पोर्टल पर मिली शिकायतों पर तुरंत एक्शन लिया। टीमों ने जनपद, दूसरे राज्यों और अलग-अलग कंपनियों के नेटवर्क को लगातार मॉनिटर करके इन फोनों को ट्रेस किया गया।
उन्होंने बताया कि जनता की सेवा और गुमशुदा सामान वापस दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। सीईआईआर पोर्टल से चोरी गये मोबाइलों को अब ट्रेस करना आसान हो गया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि मोबाइल चोरी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन या सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत अवश्य दर्ज कराएं।------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

