home page

सागर : 2.80 लाख रुपये के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त

 | 
सागर : 2.80 लाख रुपये के गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, मोटरसाइकिल भी जब्त


सागर, 17 अगस्त (हि.स.)। मध्‍य प्रदेश के सागर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत केंट थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो कथित गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से 20 किलो 356 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 2.80 लाख रुपये बताई गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी पुलिस ने जब्त की है।

पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली थी कि दो युवक रेलवे स्टेशन रोड से फोरलेन मार्ग होते हुए भैंसा बायपास की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर केंट थाना पुलिस की टीम ने राठौर बंगला क्षेत्र में घेराबंदी की और संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली। इस दौरान उनके कब्जे से बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।

पुलिस ने दोनों आरोपितों की पहचान सौरभ अहिरवार (21) निवासी ग्राम तालचिरी, थाना गोपालगंज, जिला सागर और प्रिंस अहिरवार (19) निवासी बिल्थरे मोहल्ला, गौरझामर, जिला सागर के रूप में की है।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 20 किलो 356 ग्राम गांजा, जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 80 हजार रुपये है, बरामद किया। इसके अलावा परिवहन में इस्तेमाल मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी 15 जेडएच 2945 भी जब्त की गई है। मोटरसाइकिल की कीमत करीब 80 हजार रुपये आंकी गई है।

केंट पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ मादक पदार्थ संबंधी प्रावधानों के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उन्हें न्यायालय में पेश कर आगे की पूछताछ के लिए पुलिस रिमांड लिया है।

पुलिस के मुताबिक, केंट थाना क्षेत्र में मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए विशेष टीम गठित की गई है। इसके तहत लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। दो दिन पहले भी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 2.22 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि जिले में नशीले पदार्थों की तस्करी और इनके इस्तेमाल से जुड़े लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त लोगों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे