चार वाहनों के साथ बाइक चोर गिरफ्तार
कानपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। चकेरी थाना क्षेत्र अंतर्गत गुरुवार को पुलिस ने दोपहिया वाहन चोरी करने वाले आरोपित को गिरफ्तार किया है। उसके पास से चोरी की तीन बाइक और एक स्कूटी बरामद की। शातिर की गिरफ्तारी से पुलिस ने वाहन चोरी की चार घटनाओं का खुलासा करने का दावा किया है।
चकेरी एसीपी आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र में 27 जुलाई और 25 व 26 अगस्त को वाहन चोरी के मामले सामने आए थे। इन घटनाओं की जांच के लिए तीन पुलिस टीमें लगाई गई थीं। टीमों ने चोरी वाले स्थानों के आसपास लगे 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी। फुटेज से मिले सुराग के आधार पर पुलिस आरोपित तक पहुंची।
पुलिस टीम को जानकारी मिली कि संदिग्ध सनिगवां के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी करके उसे पकड़ लिया। आरोपित की पहचान फतेहपुर के जाफरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत चरई गांव निवासी सतेंद्र कुमार उर्फ मयंक तिवारी उर्फ सत्या के रूप में हुई।
पूछताछ के दौरान आरोपित ने बताया कि वह बस से फतेहपुर से कानपुर आता था। इसके बाद वह ऐसे स्थानों पर दोपहिया वाहनों को तलाशता था, जहां लोगों की आवाजाही कम रहती थी। लॉक में खराबी या वाहन में चाबी लगी मिलने पर वह उसे लेकर निकल जाता था। चोरी किए वाहन वह फतेहपुर स्थित अपने गांव में छिपा देता था।
पुलिस के अनुसार, आरोपित एक बाइक को पहले ही कबाड़ी के जरिए कटवाकर बेच चुका है। बरामद वाहनों को भी इसी तरह ठिकाने लगाने की तैयारी थी। पुलिस अब उस कबाड़ी के साथ ही चोरी के वाहनों को खरीदने या बेचने वालों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
पुलिस जांच में आरोपित के खिलाफ चोरी और आर्म्स एक्ट समेत छह मुकदमे दर्ज होने की बात सामने आई है। वह बाइक चोरी के मामले में पहले फतेहपुर जेल जा चुका है। करीब डेढ़ महीने पहले जेल से बाहर आने के बाद उसने फिर वाहन चोरी शुरू कर दी थी। पुलिस को उससे पूछताछ में अन्य घटनाओं के संबंध में भी सुराग मिलने की उम्मीद है।
पुलिस ने बरामद वाहनों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही आरोपित को जेल भेज दिया है
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

