जंगल में छिपे हत्या के आरोपित को हसौद पुलिस ने दबोचा
सक्ती, 29 अक्टूबर (हि. स.)।सक्ती जिले के हसौद थाना क्षेत्र में महिला की हत्या के मामले में फरार आरोपित को पुलिस ने छह दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने 28 अक्टूबर की रात बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम खुर्सुला-बकलीपाली के जंगल में दबिश दी और घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया।
गिरफ्तार आरोपित की पहचान रंजीत धनुहार (49वर्ष ) पिता बुदलू धनुहार, निवासी ग्राम कैथा, थाना हसौद, जिला सक्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम कैथा निवासी अनिल विश्वकर्मा ने 23 अक्टूबर 2026 को हसौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के मुताबिक, उसी दिन सुबह करीब 7:15 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनकी बुआ लक्ष्मीन बाई विश्वकर्मा (46वर्ष ) निवासी ग्राम कैथा का शव रामलाल कश्यप के खेत में मिला है। सूचना में बताया गया कि मृतका की नाबालिग नातिनों ने शव देखने के बाद इसकी जानकारी परिजनों को दी थी।
रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि 22 अक्टूबर की रात रामलाल कश्यप के खेत के सामने कसीही पेड़ के पास रंजीत धनुहार ने गाली-गलौज की बात को लेकर लक्ष्मीन बाई के साथ हाथ-मुक्कों और आग जलाने वाली लकड़ी से मारपीट की थी। आरोप है कि घटना के बाद मृतका के शव को खेत से ले जाकर उसके घर की परछी में रख दिया गया। घटना के बाद रंजीत धनुहार फरार हो गया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सक्ती प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस चंद्रपुर (डभरा) सुमित गुप्ता के मार्गदर्शन में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। इसी दौरान 28 अक्टूबर को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपित खुर्सुला-बकलीपाली के जंगल में छिपकर रह रहा है।
सूचना मिलते ही हसौद थाना पुलिस की टीम ने रात में जंगल में दबिश दी। पुलिस के अनुसार, आरोपित वहां छिपा हुआ था, जिसे घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपित ने गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद में मृतका के साथ हाथ-मुक्कों और जलाने वाली लकड़ी से मारपीट करने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपित का मेमोरेंडम कथन दर्ज किया।
अपराध क्रमांक 196/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 103(1) में दर्ज मामले में आरोपित रंजीत धनुहार (49वर्ष )को 29 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के कारणों और जमानत के अधिकार की जानकारी देने तथा परिजनों को सूचना देने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। इस कार्रवाई में निरीक्षक विंटन साहू, प्रशिक्षु उप निरीक्षक एवं थाना प्रभारी हसौद जयराम साहू, प्रधान आरक्षक राजेन्द्र वारेन तथा आरक्षक राजेश यादव और राजू खुटे का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

