home page

बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े नेक्सस का भंडाफोड़

 | 
बिहार के मुजफ्फरपुर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: अवैध गैस रिफिलिंग के बड़े नेक्सस का भंडाफोड़


-नेपाल नंबर का टैंकर ज़ब्त

मुजफ्फरपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एलपीजी गैस की किल्लत और कालाबाजारी के खिलाफ पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बीते देर रात मोतीपुर थाना क्षेत्र के नरियार के पास चल रहे एक बड़े अवैध रिफिलिंग रैकेट का पर्दाफाश किया है।

इस पूरी कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी कर रही थीं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम में डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी के साथ कांटी और मोतीपुर के थानाध्यक्षों सहित मोतीपुर के सर्किल इंस्पेक्टर को शामिल किया गया था। पुलिस टीम ने जब नरियार के पास हाईवे से कुछ दूरी पर स्थित संदिग्ध ठिकाने पर छापेमारी की, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक बड़े नेटवर्क को रंगे हाथ पकड़ा जो सीधे गैस टैंकर से छोटे सिलेंडरों में रिफिलिंग कर रहा था। मौके से एक विशाल टैंकर (नेपाली रजिस्ट्रेशन नंबर) जो एलपीजी गैस से पूरी तरह भरा हुआ था। सिलेंडरों से लदी एक पिकअप वैन जिसे सप्लाई के लिए तैयार किया गया था। स्थानीय स्तर पर डिलीवरी के लिए इस्तेमाल किया जा रहा एक टोटो, जिस पर कई सिलेंडर लदे थे। गैस टैंकर से सिलेंडरों में गैस भरने के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले विशेष पाइप और अन्य उपकरण।

पुलिस की अचानक दबिश को देख मौके पर मौजूद अवैध कारोबारी और मजदूर भागने में सफल रहे। हालांकि, पुलिस ने सभी वाहनों और भारी मात्रा में गैस सिलेंडरों को जब्त कर लिया है। पुलिस अब इन वाहनों के मालिकों और इस गिरोह के सरगनाओं की पहचान करने में जुटी है।

गैस संकट के बीच बड़ा खेल:

वर्तमान में बाजार में गैस की किल्लत का फायदा उठाकर यह गिरोह बड़े पैमाने पर कालाबाजारी कर रहा था। हाईवे के किनारे सुनसान जगह पर टैंकर से सीधे अवैध रिफिलिंग का यह खेल न केवल गैरकानूनी था, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी एक बड़े विस्फोट को दावत दे रहा था।

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि यह एक बड़ा नेक्सस है जो अंतरराष्ट्रीय स्तर (नेपाल) से जुड़ा हो सकता है। पुलिस अब उन सभी कड़ियों को जोड़ रही है जो इस सिंडिकेट में शामिल थे। जल्द ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से इलाके के अवैध गैस कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी