कोंडागांव पुलिस ने 151 गुम मोबाइल फोन बरामद कर वास्तविक मालिकों को सौंपा
कोंडागांव, 07 सितंबर (हि.स.)। कोंडागांव जिले की पुलिस द्वारा गुम एवं चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए विशेष अभियान चलाया गया है । अभियान के दौरान पुलिस की तकनीकी टीम ने लगातार प्रयास करते हुए कुल 151 गुम मोबाइल फोन बरामद किए । बरामद किए गए मोबाइल फोन पुलिस अधीक्षक पंकज चन्द्रा द्वारा आज साेमवार काे उनके वास्तविक मालिकों को सुपुर्द किए गए।
मोबाइल फोन की तलाश के दौरान तकनीकी माध्यमों से उनकी जानकारी एवं उपयोग के स्थानों का पता लगाया गया। कई मोबाइल फोन छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों तथा सीमावर्ती राज्यों में उपयोग किए जा रहे थे। संबंधित स्थानों पर समन्वय स्थापित कर पुलिस द्वारा इन मोबाइलों को बरामद किया गया।
कोंडागांव एसपी पंकज चन्द्रा ने नागरिकों को ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम-डेबिट कार्ड की जानकारी, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने, अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने तथा फर्जी केवायसी अपडेट, बैंक अधिकारी, पुलिस अधिकारी, कस्टमर केयर, डिजिटल अरेस्ट एवं अन्य प्रकार की ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने की अपील की। उन्हाेने कहा कि साइबर अपराधी लगातार नए तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बना रहे हैं। इसलिए जागरूकता और सतर्कता ही साइबर अपराध से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना समय गंवाए तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें तथा नजदीकी पुलिस थाना को भी सूचना दें।
पुलिस द्वारा चलाया गया यह अभियान यह संदेश देता है कि मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए। पुलिस की तकनीकी टीम द्वारा उपलब्ध जानकारी के आधार पर मोबाइल को ट्रेस करने का लगातार प्रयास किया जाता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम अथवा चोरी होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें तथा आईएमईआई नंबर और मोबाइल खरीदी का बिल सुरक्षित रखें।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

