सागर में ड्रग्स तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार
सागर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीनगर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। पुलिस ने एक महिला और एक पुरुष आरोपी को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 16.45 ग्राम प्रतिबंधित एमडी ड्रग्स जब्त की है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई जा रही है। मामले में एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड स्थित बस स्टैंड के पास एक युवक नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना के आधार पर मोतीनगर थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपित ने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय (30) निवासी तिरूपतिपुरम, थाना गोपालगंज, सागर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ और विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शैलजा सोनी को भी मामले में सह-आरोपितबनाया। उसके ठिकाने पर दबिश देकर 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की गई, जिसकी कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है। महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि सागर और आसपास के क्षेत्रों में युवाओं तक नशा पहुंचाने के लिए एक संगठित नेटवर्क सक्रिय है। इस मामले से जुड़े एक अन्य आरोपित की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले को नशामुक्त बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम भी सामने आ सकते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे

