अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 95 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त
जांजगीर-चांपा, 24 नवंबर (हि. स.)। जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में अकलतरा अनुभाग पुलिस ने मंगलवार तड़के ग्राम बड़े अमेरी के सबरिया डेरा में दबिश देकर अवैध हाथ भट्टी से निर्मित कच्ची महुआ शराब बनाने के कारोबार का खुलासा किया। पुलिस ने मौके से 95 लीटर अवैध महुआ शराब सहित दो मोटरसाइकिल, एक टुल्लू पंप और तीन एल्युमिनियम की हांडियां जब्त की हैं। जब्त मशरूका की कुल कीमत 3 लाख 20 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में अवैध शराब, जुआ और सट्टा के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 24 नवंबर को अकलतरा पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बड़े अमेरी में नाला किनारे स्थित सबरिया डेरा में कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से हाथ भट्टी से महुआ शराब तैयार की जा रही है।
सूचना की पुष्टि के बाद अकलतरा, मुलमुला थाना तथा पुलिस सहायता केंद्र कोटमी सोनार की संयुक्त टीम ने तड़के मौके पर छापेमारी की। पुलिस ने पाया कि वहां बड़े चूल्हे पर तीन हांडियों की मदद से बड़ी मात्रा में कच्ची महुआ शराब तैयार की जा रही थी। शराब को बिक्री के उद्देश्य से बनाया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान छह प्लास्टिक जरीकेन में रखी 95 लीटर महुआ शराब, जिसकी कीमत 9,500 रुपये है, जब्त की गई। इसके अलावा होंडा हॉर्नेट और पल्सर एन-250 मोटरसाइकिल, एक टुल्लू पंप तथा तीन एल्युमिनियम की हांडियां और प्लास्टिक पाइप भी जब्त किए गए।
मामले में पुलिस ने बाबूलाल गौड़ (22वर्ष ), पिता धरम गौड़, निवासी बड़े अमेरी, कोटमी सोनार, थाना अकलतरा को गिरफ्तार किया है।आरोपित के विरुद्ध थाना अकलतरा में अपराध क्रमांक 695/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) में अपराध दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपित के कथन के आधार पर इस अवैध कारोबार में आशीष गौड़ और राकेश गौड़ की संलिप्तता की जानकारी भी सामने आई है। दोनों की तलाश की जा रही है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक जय कुमार साहू, थाना प्रभारी मुलमुला निरीक्षक शिवानंद सिंह सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। जांजगीर-चांपा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

