जबलपुरः सुरक्षा संस्थान के करीब युवक के ‘पाकिस्तानी’ होने की खबर से हड़कंप, पुलिस जांच में निकला यूपी निवासी विक्षिप्त
जबलपुर, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर स्थित वाहन निर्माणी सुरक्षा संस्थान क्षेत्र के पास शोभापुर में बुधवार सुबह एक युवक के खुद को पाकिस्तानी बताने की खबर से क्षेत्र में हडकंप मच गया। स्थानीय लोगों में घुसपैठिए की आशंका को लेकर दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही रांझी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की।
पुलिस पूछताछ में युवक ने प्रथम दृष्टया अपना नाम शिवम पाठक और खुद को उत्तरप्रदेश के गौसगंज का निवासी बताया। उसने पुलिस को अपने परिजनों का मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराया। पुलिस ने दिए गए नंबर पर संपर्क कर युवक के संबंध में जानकारी जुटाई तो उसके उत्तरप्रदेश का निवासी होने की पुष्टि हुई।
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह पहले भी घर से निकल चुका है। पुलिस के अनुसार, परिजन पूर्व में उसे राजस्थान से वापस लेकर आए थे। अब दोबारा उसके घर से निकल जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर लिया है और वे उसे लेने के लिए जबलपुर आ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि युवक के हुलिए और बातचीत के तरीके को देखकर स्थानीय लोगों को उस पर संदेह हुआ। इसके बाद उसके पाकिस्तानी होने की बात क्षेत्र में तेजी से फैल गई। कुछ लोगों ने उसके हुलिए को घुसपैठिए जैसा बताते हुए पुलिस को सूचना दी थी।
हालांकि, पुलिस की अब तक की जांच में युवक के पाकिस्तानी नागरिक होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस उसके द्वारा बताए गए नाम-पते और अन्य जानकारियों का सत्यापन कर रही है।
रांझी पुलिस का कहना है कि मामले को गंभीरता से लेते हुए युवक के संबंध में उपलब्ध रिकॉर्ड और दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। पुलिस पोर्टल सहित अन्य रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं, ताकि उसकी पहचान और पृष्ठभूमि पूरी तरह स्पष्ट हो सके।
फिलहाल पुलिस की प्राथमिक जांच में युवक उत्तरप्रदेश का निवासी और मानसिक रूप से अस्वस्थ पाया गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद युवक को उनके सुपुर्द किए जाने की कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

