home page

सट्टेबाजों' के खिलाफ झुंझुनू पुलिस की बड़ी कार्रवाई

 | 
सट्टेबाजों' के खिलाफ झुंझुनू पुलिस की बड़ी कार्रवाई


झुंझुनू, 26 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने सट्टेबाजों के खिलाफ दो बड़ी कार्रवाई कर सटोरियों में हड़कंप मचा दिया है। कार्रवाई की खबरों के बाद कई बुक बंद हो गई और कई सटोरिए तथा बुकी भूमिगत भी हो गए। जिले की चिड़ावा पुलिस ने डीएसटी के साथ मिलकर चिड़ावा कस्बे की बाइपास पर एक फॉर्म हाउस पर छापा मारा। जहां पर राजस्थाटन रॉयल्सा और सनराईज हैदराबाद के बीच आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टे की 'बुक' चल रही थी।

चिड़ावा थाना अधिकारी प्रशिक्षु आरपीएस अंबिका चौधरी तथा डीएसपी प्रभारी एसआई हेमराज मीणा के नेतृत्व में पुलिस ने मौके से चार सटोरियों को गिरफ्तार किया। जिनके पास से लाखों का हिसाब और दो लैपटॉप, दो टेबलेट, 11 मोबाइल, दो माइक्रोस्पीाकर जब्त किया गया है। गिरफ्तार किए गए चारों आरोपी चिड़ावा कस्बे के ही रहने वाले है। जो बुक चला रहे थे। इनमें कस्बे के वार्ड नंबर 14 पुलिस थाने के पास ही रहने वाला रोहित पुत्र विष्णु दर्जी, खेतड़ी रोड पर डालमिया बर्फ फेक्ट्री के पास रहने वाला कृष्णगोपाल पुत्र गोविंद नारायण शर्मा, खेतड़ी रोड पर गोल मार्केट के सामने रहने वाला विकास पुत्र रोहिताश्व शर्मा तथा खेतड़ी रोड पर गोल मार्केट के सामने ही रहने वाला राजेश कटारिया पुत्र ज्ञानप्रकाश सैनी शामिल है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन सटोरियों के नेटवर्क को भी खंगाला जा रहा है।

इसी तरह सुलताना सीआई रविंद्र कुमार तथा डीएसटी प्रभारी एसआई हेमराज मीणा ने सुलताना थाना इलाके के चनाना के समीप निजामपुरा में भी एक खेत में बने कमरे में दबिश दी। जहां से दो सटोरिए गिरफ्तार किए गए है। ये दोनों दिल्लीस कैपिटल्स व पंजाब किंग्स के बीच चल रहे आईपीएल मैच में ऑनलाइन सट्टे की बुक चल रहा था। आरोपियों से लाखों रूपए का हिसाब के साथ—साथ दो लैपटॉप, एक टेबलेट, पांच मोबाइल, एक एलईडी व एक हिसाब रखने का रजिस्टर व एक पेन जब्त किया गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी में एक इसी गांव निजामपुरा निवासी संदीप पुत्र मनीराम जाट तथा बगड़ थाना इलाके के प्रतापपुरा निवासी अनिकेत पुत्र अशोक जाट शामिल है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई कर सटोरियों में हड़कंप मचा दिया है। सट्टे की बुक चलाने में शामिल इन गिरफ्तार छह आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है। साथ ही सट्टे के नेटवर्क को खंगालने में भी जुटी है। पकड़े गए आरोपी बड़े सटोरियों के लिए काम करते थे। जिनकी जानकारी भी पुलिस जुटाने में लगी हुई है। साथ ही इन सटोरियों की चैन में शामिल अन्य लोगों के नाम सामने आने के बाद पुलिस पूछताछ कर सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश