बक्सर पुलिस के विशेष अभियान में 14 गिरफ्तार, 126 लीटर देसी शराब बरामद
बक्सर, 21 अगस्त (हि.स.)। जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए बक्सर पुलिस की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 20 अगस्त को विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर हुई कार्रवाई में कुल 14 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया, जबकि सभी 14 गिरफ्तार आरोपितों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अपराध के मुख्य शीर्ष से संबंधित मामलों में एनडीटीपीएस एक्ट के एक कांड में एक आरोपित की गिरफ्तारी की गई। शराब के मामलों में सेवन के आरोप में 13 लोगों को गिरफ्तार किया गया। हालांकि शराब बरामदगी के दौरान विदेशी शराब नहीं मिली, लेकिन पुलिस ने 126 लीटर देसी शराब बरामद की।
अन्य बरामदगी में 96.90 ग्राम अफीम, एक ऑटो, एक मोटरसाइकिल एवं एक मोबाइल फोन शामिल है। अभियान के दौरान पुलिस ने 25 वारंटों का निष्पादन किया, जबकि चार कुर्की की कार्रवाई भी की गई। वारंट में किसी आरोपित की गिरफ्तारी नहीं हुई।
इसके अलावा वाहन जांच अभियान के क्रम में पुलिस ने 28 हजार रुपये जुर्माना वसूल किया। पुलिस ने बताया कि जिले में अपराध नियंत्रण, शराबबंदी एवं कानून-व्यवस्था को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

