home page

डुमरांव मेडिकल कॉलेज से 79.16 लाख की निर्माण सामग्री चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

 | 
डुमरांव मेडिकल कॉलेज से 79.16 लाख की निर्माण सामग्री चोरी, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल


बक्सर, 13 नवंबर (हि.स.)।

जिले के डुमरांव में निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।

बीएमपी गेट के समीप स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज परिसर से करीब 79 लाख 16 हजार रुपये मूल्य की निर्माण सामग्री चोरी होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चोर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली सैकड़ों एल्यूमिनियम एच-बीम समेत अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए।

हैरानी की बात यह है कि इतने बड़े निर्माण परिसर की सुरक्षा के लिए कई दर्जन गार्ड की तैनाती और 24 घंटे निगरानी किए जाने के दावे किए जाते रहे हैं। इसके बावजूद इतनी बड़ी मात्रा में निर्माण सामग्री चोरी हो जाना सुरक्षा व्यवस्था की गंभीर लापरवाही की ओर इशारा करता है।

निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली एल्यूमिनियम बीम काफी महंगी होती हैं। ऐसे में इतनी बड़ी मात्रा में सामग्री का गायब होना सामान्य चोरी की घटना नहीं मानी जा सकती। सवाल यह भी उठ रहा है कि भारी-भरकम निर्माण सामग्री को परिसर से बाहर ले जाने के दौरान सुरक्षा कर्मियों को इसकी भनक तक कैसे नहीं लगी?

घटना के बाद निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, गार्डों की जिम्मेदारी और निगरानी प्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। अब देखना होगा कि इस मामले में जिम्मेदार एजेंसी और सुरक्षा कर्मियों की भूमिका की जांच होती है या नहीं। साथ ही चोरी गई सामग्री की बरामदगी और दोषियों की पहचान के लिए क्या कार्रवाई की जाती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra