भूमि विवाद सुलझाने के दौरान थाने में सीओ के साथ मारपीट, गंभीर रूप से जख्मी
बक्सर, 28 नवंबर (हि.स.)। सिमरी अंचल क्षेत्र के तिलक राय के हाता थाना परिसर में भूमि विवाद का निपटारा कराने के दौरान मारपीट की घटना सामने आई है। इसमें सिमरी के अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय गंभीर रूप से जख्मी हो गए। उन्हें इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। घटना के बाद सीओ ने स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
सीओ के अनुसार, बीते 1 अगस्त 2026 को केशवपुर पंचायत के मानिकपुर गांव निवासी रामबचन यादव एवं अन्य तथा ओमप्रकाश यादव एवं अन्य के बीच भूमि विवाद को लेकर शिकायत मिली थी। दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार जारी था। इसी मामले के समाधान के लिए शुक्रवार को तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष ने फोन कर उन्हें थाना बुलाया था। थाना परिसर में दोनों पक्षों की मौजूदगी में विवाद सुलझाने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान आरोप है कि जसदेव यादव ने उनका कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया। विरोध करने पर उसने जान से मारने की नीयत से गला दबाया और मारपीट कर जख्मी कर दिया। थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि सीओ के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

