राजस्थान से दबोचा गया बक्सर का टॉप-10 अपराधी, हत्या के मामले में था फरार
बक्सर, 26 सितंबर (हि.स.)। जिले के टॉप-10 अपराधियों में शामिल हत्या के आरोपित संजय राय को बक्सर पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस की विशेष टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को राजस्थान के भिवाड़ी जिले के चोपनकी थाना क्षेत्र से दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार संजय राय, शिवकुमार राय का पुत्र बगेनगोला थाना क्षेत्र के पोखराहा गांव का निवासी है। वह मुरार थाना कांड संख्या 55/2021 में हत्या के मामले में लंबे समय से फरार चल रहा था। इस कांड में उसके विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की पूर्ववर्ती धाराओं 342, 302, 120(बी), 34 तथा आर्म्स एक्ट की धारा 27 के तहत मामला दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, डुमरांव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं का विश्लेषण कर राजस्थान में छापेमारी की और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अभिलेखों के अनुसार संजय राय के खिलाफ बगेनगोला थाना में वर्ष 2020 में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट, वर्ष 2021 में मारपीट, हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट सहित कई संगीन मामले दर्ज हैं। मुरार थाना का हत्या कांड उसके खिलाफ सबसे गंभीर मामला है।
इस कार्रवाई में एसडीपीओ समीर कुमार सिंह, पुलिस निरीक्षक अरविन्द कुमार, जिला आसूचना इकाई के पु.अ.नि. चन्दन कुमार-1, गोड मुरार थाना के प्र.पु.अ.नि. प्रदीप साह तथा डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बक्सर पुलिस ने कहा है कि जिले में वांछित अपराधियों के विरुद्ध विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

