बक्सर में विशेष अभियान के तहत 17 गिरफ्तार, 61 लीटर से अधिक शराब बरामद
बक्सर, 31 अगस्त (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर जिले में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर पुलिस का विशेष अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में 30 अगस्त 2026 को जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कुल 17 आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
पुलिस की ओर से जारी कार्रवाई विवरण के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में एनडीपीएस एक्ट के दो कांडों में दो तथा चोरी के एक कांड में एक अभियुक्त शामिल हैं। वहीं, शराब से जुड़े मामलों में कुल 12 लोगों की गिरफ्तारी की गई। इनमें शराब सेवन के आरोप में 10 तथा शराब बरामदगी से संबंधित मामलों में दो आरोपित पकड़े गए।
अभियान के दौरान पुलिस ने 6.75 लीटर विदेशी शराब और 54.4 लीटर देशी शराब, यानी कुल 61.15 लीटर शराब बरामद की। इसके अलावा अन्य मामलों में भी पुलिस टीमों ने कार्रवाई की।
पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों के निष्पादन में भी तेजी दिखाई। अभियान के दौरान 45 वारंटों का निष्पादन किया गया, जबकि दो वारंटी आरोपितों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने जिले में अपराधियों और असामाजिक तत्वों के विरुद्ध अभियान को लगातार जारी रखने का निर्देश दिया है। पुलिस ने आम लोगों से वाहन जांच के दौरान पुलिस का सहयोग करने तथा अपराध की रोकथाम में सहभागी बनने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि रात्रि वाहन चेकिंग सहित विशेष अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

