home page

जींद : जुलाना में भठ्ठा संचालक से मांगी दो करोड़ की चौथ

 | 
जींद : जुलाना में भठ्ठा संचालक से मांगी दो करोड़ की चौथ


जींद, 25 मार्च (हि.स.)। जुलाना कस्बे के जींद-रोहतक मार्ग पर स्थित ओम भठ्ठे के संचालक से दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगने के बाद क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। पीडि़त भठ्ठा संचालक ने मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार भठ्ठा संचालक अनूप ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार को दोपहर बाद उसके मोबाइल फोन पर एक व्हाट्सअप कॉल आई। जब उसने कॉल उठाई तो दूसरी ओर से बोल रहे व्यक्ति ने उसे दो करोड़ रुपये तैयार रखने की धमकी दी। उसी दिन रात दोबारा उसी नंबर से व्हाट्सअप कॉल आई। इस बार भी आरोपित ने फिरौती की मांग दोहराई और जल्द से जल्द पैसे की व्यवस्था करने को कहा। लगातार मिल रही धमकियों के कारण भठ्ठा संचालक और उसके परिवार में डर का माहौल बन गया है। घटना के बाद पीडि़त ने तुरंत पुलिस से संपर्क कर पूरे मामले की जानकारी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही जिस नंबर से कॉल आई हैए उसकी जांच शुरू कर दी गई है। इससे पहले गत 17 मार्च को जुलाना की पुरानी अनाजमंडी में एक व्यापारी का अपहरण करने का प्रयास किया गया था। हालांकि पुलिस ने आरोपितों को कड़ी मशक्त के बाद काबू कर लिया था। अब फिर से इस तरह की घटना से क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है।

जुलाना थाना प्रभारी विक्रम जोशन ने बुधवार काे बताया कि पुलिस को शिकायत मिली थी कि एक भठ्ठा संचालक को धमकी दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मामले को गंभीरता से लिया जा रहा है और जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा