home page

रायपुर : 30 स्पा सेंटरों में एक साथ पुलिस की दबिश, सौ से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने की जांच

 | 
रायपुर : 30 स्पा सेंटरों में एक साथ पुलिस की दबिश, सौ से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने की जांच


रायपुर : 30 स्पा सेंटरों में एक साथ पुलिस की दबिश, सौ से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों ने की जांच


रायपुर, 29 अगस्त (हि.स.)। शहर में संचालित स्पा सेंटरों में नियमों के पालन और संदिग्ध गतिविधियों की जांच के लिए रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने शनिवार को बड़े स्तर पर अभियान चलाया। पुलिस की 15 टीमों ने शहर के विभिन्न थाना क्षेत्रों में स्थित 30 स्पा सेंटरों में एक साथ जांच की। इस कार्रवाई में राजपत्रित अधिकारियों समेत 100 से अधिक पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।

पुलिस उपायुक्त वेस्ट जोन रॉबिन्सन गुरिया, सेंट्रल जोन के पुलिस उपायुक्त तारकेश्वर पटेल और नॉर्थ जोन की पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप के निर्देशन में तीनों जोन में कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, नंदिनी ठाकुर और पूर्णिमा लामा के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों की जांच की।

जांच के दौरान पुलिस ने ग्राहकों के रजिस्टर, सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता एवं रिकॉर्डिंग, संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के पुलिस वेरिफिकेशन, कर्मचारियों की आयु संबंधी दस्तावेज तथा स्टाफ रजिस्टर सहित अन्य आवश्यक अभिलेखों की पड़ताल की।इसके अलावा पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में प्रतिबंधित या संदिग्ध गतिविधियों, परिसर की व्यवस्था, लीज एवं किराया संबंधी दस्तावेज, स्वामित्व और अन्य आवश्यक अनुमतियों की भी जांच की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दो स्पा सेंटरों में आपत्तिजनक वस्तुएं पाए जाने पर संबंधित मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। इनमें डीडी नगर थाना क्षेत्र का एलिना स्पा सेंटर और पंडरी थाना क्षेत्र के अंबुजा मॉल में संचालित ला थाई स्पा सेंटर शामिल हैं।

पुलिस कमिश्नरेट रायपुर ने स्पष्ट किया है कि, शहर में संचालित स्पा सेंटरों की जांच और निगरानी आगे भी जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित संचालक, मैनेजर और कर्मचारियों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर