home page

शिमला में अनधिकृत हूटर लगे वाहन पर पुलिस का चालान, एक्स श्रेणी’ सुरक्षा मिला व्यक्ति था सवार

 | 

शिमला, 09 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी शिमला में यातायात नियमों की अनदेखी का एक मामला उस समय चर्चा में आ गया, जब ‘एक्स श्रेणी’ सुरक्षा प्राप्त एक व्यक्ति के निजी वाहन में अनधिकृत हूटर, फ्लैग रॉड और अतिरिक्त सर्च लाइटें लगी पाई गईं। पुलिस के अनुसार नियमों के उल्लंघन पर वाहन के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया है।

शिमला पुलिस से मिली आधिकारिक जानकारी के मुताबिक गुरूवार सुबह वाहन संख्या एचपी-82-0070 (फॉर्च्यूनर) के बारे में वायरलेस संदेश के जरिए सूचना मिली थी कि यह वाहन ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करते हुए अनधिकृत रूप से हूटर का इस्तेमाल कर रहा है। इसके बाद पुलिस टीम और एक मोटरसाइकिल सवार कर्मी ने वाहन को शिमला के समीप रोका और जांच की।

पुलिस का कहना है कि निरीक्षण के दौरान वाहन में न केवल हूटर लगा हुआ पाया गया, बल्कि बिना अनुमति के फ्लैग रॉड और अतिरिक्त सर्च लाइटें भी लगी थीं। नियमों के अनुसार निजी वाहनों में इस तरह के उपकरणों का इस्तेमाल प्रतिबंधित है और इसके लिए विशेष अनुमति आवश्यक होती है। ऐसे में पुलिस ने इसे मोटर वाहन अधिनियम का उल्लंघन माना।

पुलिस के मुताबिक वाहन में सवार व्यक्ति की पहचान युद्ध चंद बैंस के तौर पर हुई है। उन्होंने जांच के दौरान सहयोग नहीं किया और वैधानिक प्रक्रिया में बाधा डालने की कोशिश की। पुलिस दल द्वारा जब वाहन से हूटर हटाने के निर्देश दिए गए, तो उन्होंने इसे हटाने से इनकार कर दिया और अधिकारियों के साथ तर्क-वितर्क करते हुए मौके से चले गए। हालांकि पुलिस ने बाद में संबंधित धाराओं के तहत चालान ऑनलाइन जारी कर दिया।

पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि भले ही किसी व्यक्ति को केंद्र सरकार की ओर से ‘एक्स श्रेणी’ की सुरक्षा मिली हो, लेकिन निजी वाहन में हूटर या प्रतिबंधित लाइटों का इस्तेमाल करने की अनुमति स्वतः नहीं मिलती। ऐसे मामलों में नियम सभी पर समान रूप से लागू होते हैं।

इसी बीच पुलिस के अनुसार युद्ध चंद बैंस हिमाचल प्रदेश विजिलेंस विभाग के एक मामले में आरोपी बताए जाते हैं। हालांकि इस संबंध में विस्तृत जानकारी सार्वजनिक रूप से साझा नहीं की गई है।

शिमला पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, चाहे वे किसी भी पद या सुरक्षा श्रेणी से जुड़े हों। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी नागरिक नियमों का पालन करें और अनधिकृत उपकरणों का इस्तेमाल न करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा