जींद : नाबालिग लड़कियों से अश्लील हरकत करने से रोका तो किया हमला, चार घायल
जींद, 16 मार्च (हि.स.)। सफीदों में नाबालिग लड़कियों से अश्लील हरकत करने का विरोध करने पर आरोपित परिवार के लोगों ने हमला कर चार लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। शहर थाना पुलिस ने पीडि़त की शिकायत के आधार पर सात लोगों को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ चाइल्ड प्रोटेक्शन एक्ट सहित विभिन्न भातीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सफीदों निवासी एक व्यक्ति ने सोमवार को बताया कि पड़ोसी रमन उसकी नाबालिग लड़कियों को पढऩे जाते समय उनका पीछा करता था। इस पर उन्होंने आरोपित के पिता सतनारायण से शिकायत की। बावजूद इसके आरोपित अपनी हरकतों से बाज नही आया। दो दिन पहले आरोपित रमन ने उसकी भतीजी से अश्लील हरकत की और घर में रोड़ी फैंकी। इस पर वे उल्हाना देने आरोपित के घर चले गए। इस पर आरोपित के परिजन उनसे गाली गलौज करने लगे। वे अपने घर लौट आए लेकिन देर शाम को रमन व उसके परिजन उनके घर आए और गाली गलौज करने लगे। उसी दौरान रमन ने फोन कर अपने दोस्तों को बुला लिया। दो बाइकों पर आए आरोपितों व रमन के परिजनों ने उन पर हमला कर दिया। जब पड़ोसी धर्मपाल ने उन्हें बचाने की कोशिश की तो आरोपितों ने उन पर भी हमला कर दिया जिसमें उसे धर्मपाल, गौतम, भारत को काफी चोटें आई। शहर थाना सफीदों पुलिस ने व्यक्ति की शिकासत पर रमन, श्यामलाल, सुल्तान, विजय, योगेश, मनीष, सतनारायण को नामजद कर कुछ अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा

