उज्जैनः ठगों की तलाश के दौरान पुलिस को मिला मोबाइल चोर
उज्जैन, 29 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के उज्जैन में गत दिवस वृद्धा के साथ हुई लाखों रुपये के आभूषणों की ठगी के आरोपियों की खोजबीन के दौरान पुलिस को देवासगेट क्षेत्र के हाथ एक मोबाइल चोर लगा। पुलिस ने उसके कब्जे से 1 लाख रुपये से अधिक कीमत का मोबाइल जब्त किया है।
देवास गेट थाना प्रभारी अनिला पाराशर ने रविवार को बताया कि ढांचाभवन निवासी एक वृद्धा के साथ हुई ठगी की वारदात के बाद क्षेत्र में सघन रूप से सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान सूचना मिली कि रेल स्टेशन के सामने स्थित होटल प्रीति पर एक युवक काम मांगने पहुंचा है। जिसकी गतिविधि संदिग्ध लग रही है। जिसके बाद पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को पूछताछ के लिए थाने लेकर आई। पुलिस ने बताया कि युवक का नाम मोहम्मद हसनैन पुत्र मोहम्मद हुसैन निवासी मुजफ्फरपुर, बिहार है।
आईफोन के साथ चुराई स्कूटीपुलिस ने शंका के आधार पर जब उसकी तलाशी ली, तो उसके पास से चोरी का आईफोन बरामद हुआ। पूछताछ में उसने कबूल किया कि मोबाइल उसने अहमदाबाद से चोरी किया है। साथ ही उसने एक एक्टिवा भी चोरी करना बताया, जिसे अहमदाबाद रेलवे स्टेशन की पार्किंग में खड़ा किया गया है। देवासगेट पुलिस ने तत्काल अहमदाबाद पुलिस से संपर्क किया, जहां से जानकारी मिली कि आरोपी के खिलाफ चोरी का प्रकरण दर्ज है।
अहमदाबाद में की थी वारदातपुलिस ने बताया कि आरोपी ने अहमदाबाद में स्थित एक सोडा शॉप संचालक इजहार सय्यद के यहां काम करते हुए वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी के पकड़े जाने की सूचना पर उज्जैन पुलिस ने अहमदाबाद पुलिस को दी। जिसके बाद अहमदाबाद पुलिस की टीम उज्जैन पहुंची और मोहम्मद हसनैन को अपने साथ ले गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्वेल

