home page

मुठभेड़ में लूटकांड के दो आरोपित बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार

 | 
मुठभेड़ में लूटकांड के दो आरोपित बदमाश घायल, पांच गिरफ्तार


बाराबंकी, 27 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में देवा थाना पुलिस और स्वाट, सर्विलांस टीम ने मुठभेड़ के दौरान बुधवार को लूटकांड में शामिल पांच शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। इनमें दो गोली लगने से घायल हैं।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि बीती 22 मई 2026 को किराना व्यवसाई आलोक कुमार जायसवाल निवासी ग्वारी चौराहा, मजरे शाहपुर, थाना देवा ने तहरीर दी कि रात में लगभग आधा दर्जन सशस्त्र अज्ञात बदमाश घर के पीछे के दरवाजे से घुस आए। परिजनों से मारपीट कर घर में रखे जेवर व नकदी लूटकर फरार हो गए। तहरीर पर थाना देवा में बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आज स्वाट, सर्विलांस व थाना देवा की संयुक्त पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस, डिजिटल डेटा व सीसीटीवी फुटेज की मदद से बदमाशों को ट्रेस कर गोवर्धन कॉलोनी गेट के पास घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई ने लूट की घटना में शामिल पांच बदमाशो को मुठभेड़ के दौरान भोर पहर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में जसीम अहमद निवासी अलहइयापुर, कैसरगंज, बहराइच व सैफ पुत्र याकूब निवासी सोढ़ीपुर, घुंघटेर घायल हो गए। वहीं मो. इस्माइल निवासी चांदपुर रुधौली, रामपुर मथुरा, सीतापुर, मो. अबरार निवासी ददरा नोखेपुरवा, बड्डूपुर, बाराबंकी व बलवंत सिंह निवासी देवगांव पश्चिम, सांगीपुर प्रतापगढ़ हैं। पकड़े गए बदमाशों के कब्जे से लूट के 4 लाख 64 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवर, चार तमंचे .315 बोर, कारतूस, वारदात में प्रयुक्त वैगनआर कार व एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है।

एसपी ने बताया कि पुलिस को पूछताछ में आरोपितों सेपता चला कि गैंग का सरगना बुलंदशहर का रोहित जाट है। गैंग पहले रेकी कर कम सदस्यों वाले धनाढ्य घरों व प्रतिष्ठानों को चिन्हित करता है। आरोपित बाराबंकी के अलावा लखनऊ, सीतापुर व गोंडा में भी वारदातें कर चुके हैं। रोहित की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

गिरफ्तार आरोपितों में सैफ उर्फ बादशाह पर सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी में 8 मुकदमे हैं। इस्माइल पर लखनऊ, बाराबंकी, सीतापुर में चोरी, एनडीपीएस, गैंगस्टर समेत 16 केस दर्ज हैं। जसीम पर बाराबंकी व बहराइच में 5 मुकदमे हैं।

खुलासे में स्वाट प्रभारी उनिरीक्षक अंकित त्रिपाठी, सर्विलांस प्रभारी उ.नि. अजय सिंह, प्रभारी निरीक्षक देवा यशकांत सिंह समेत स्वाट, सर्विलांस व थाना देवा की टीम शामिल रही। एसपी ने टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी