शातिर गौ तस्कर पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार
बाराबंकी, 23 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में थाना मसौली पुलिस ने इनामियां बदमाश को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। यह शातिर बदमाश गौ तस्करी समेत कई मामलों में वांछित था। जिसके खिलाफ जिले के सफदरगंज व मसौली थानों में लगभग एक दर्जन मुकदमे दर्ज थे। पुलिस सरगर्मी से इसकी तलाश कर रही थी। रविवार की देर स्वाट टीम के साथ मसौली थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने मुठभेड़ के दौरान घायल कर गिरफ्तार किया।
एडिशनल एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि थाना मसौली पुलिस धरौली मोड़ के पास चेकिंग कर रही थी । तभी जकरिया की ओर से संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने जब रोकने का प्रयास किया तब वह भागने लगा पुलिस ने पीछा किया तो उसने पुलिस टीम पर फायर कर दिया।पुलिस ने जब जवाब में फायरिंग की तो उसके पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने जाकर उसे दबोच लिया। घायल अपराधी को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ा गांव में भर्ती कराया गया है। पूछताछ में उसने अपना नाम उस्मान उर्फ कलेजी पुत्र मुन्ना
निवासी ग्राम बांसा थाना मसौली जनपद बाराबंकी बताया।गिरफ्तार हुए अपराधी के कब्जे से एक अदद अवैध तमंचा .315 बोर 01 जिंदा व 01 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद किया गया। उस्मान उर्फ कलेजी वांछित था, जिसकी गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक बाराबंकी द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। उस्मान उर्फ कलेजी थाना मसौली व थाना सफदरगंज में पंजीकृत गौवध निवारण अधिनियम के अभियोगों में वांछित था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

