home page

सुलतानपुर में गोकशी के आरोपितों से मुठभेड़, एक घायल समेत दो गिरफ्तार

 | 
सुलतानपुर में गोकशी के आरोपितों से मुठभेड़, एक घायल समेत दो गिरफ्तार


सुलतानपुर, 11 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में बंधुआकलां थाना पुलिस की रविवार देर रात गोकशी के आरोपितों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।

क्षेत्राधिकारी नगर राघवेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि बंधुआकलां थाना क्षेत्र में दो संदिग्ध गोकशी की फिराक में जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश शुरू की। इस दौरान दो संदिग्ध दिखाई दिए, जो पुलिस वाहन देखकर भागने लगे।

पुलिस के अनुसार, हसनपुर-बीवीपुर मार्ग के किनारे पीछा किए जाने पर आरोपितों ने पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में फिरोज नामक आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी अमजद को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया। घायल फिरोज को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), हसनपुर में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मौके पर शांति व्यवस्था कायम है।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त