home page

सुलतानपुर :पचीस हजार का इनामी गौ तस्कर पुलिस मुठभेड़ मे घायल

 | 
सुलतानपुर :पचीस हजार का इनामी गौ तस्कर पुलिस मुठभेड़ मे घायल


सुलतानपुर, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के थाना जयसिंहपुर क्षेत्रान्तर्गत पुलिस मुठभेड़ मे पचीस हजार रुपये के इनामी गौतस्कर घायल हो गया है। घायलावस्था में उसे इलाज हेतु अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक बृजनंदन सिंह ने बुधवार को बताया कि बीती रात्रि थाना जयसिंहपुर की पुलिस अंबेडकर नगर से सेमरी रोड पर हालापुर के पास बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। चेकिंग करने के दौरान ही एक ट्रक अत्यंत तीव्र गति से आई और बैरियर पर नहीं रुकी और आगे बढ़ गई। संदिग्ध होने पर उस ट्रक का पुलिस ने पीछा किया। कुछ दूर आगे जाने पर, ट्रक में बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायर किया। आत्मरक्षार्थ पुलिस टीम ने भी फायर किया, जिसमें वह व्यक्ति घायल हो गया। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम विनोद यादव, पुत्र राजनारायण यादव, निवासी ग्राम ख्वाजा पुर, थाना खुटहन, जनपद जौनपुर बताया। उसके ऊपर कुल पांच मुकदमे हैं, जिसमें से तीन गौकशी के मुकदमे हैं और वह गैंगस्टर एक्ट के मुलजिम भी है। उसके ऊपर पूर्व में 25 हजार का इनाम घोषित है।

विगत कुछ दिवस पूर्व थाना जयसिंहपुर में गौकशी की घटना में भी उसकी संलिप्तता प्रकाश में आई है। पुलिस की पूछताछ मे स्वीकार किया गया है कि ट्रक का प्रयोग वह गौकशी की घटनाओं में भी करता था। उसके पास से एक तमंचा .315 बोर का और एक जिंदा कारतूस भी मिला है। इलाज के लिए उसको सौ बेड हॉस्पिटल बीरसिंहपुर भेजा गया है, जहाँ पर उसका इलाज किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त