home page

तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित मुठभेड़ में घायल

 | 
तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपित मुठभेड़ में घायल


-ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाकर किया था हंगामा

हमीरपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के मुस्करा कस्बे में तीन साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म कर हत्या करने के मामले में सोमवार को पुलिस ने आरोपित हीरा काे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपित के दोनों पैरों में गोली लगी है। पुलिस उसे पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) और फिर जिला अस्पताल ले गई।

एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने सोमवार को बताया कि आरोपित हीरा को गिरफ्तार करने के बाद साेमवार सुबह करीब छह बजे उसे साक्ष्य जुटाने के लिए घटनास्थल पर ले जाया गया था। इसी दौरान उसने पावर हाउस के पीछे छिपाकर रखे तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दोनों पैरों में गोली लगी। उसे उपचार के लिए पहले सीएचसी और फिर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

एएसपी ने बताया कि मुठभेड़ जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर मुस्करा क्षेत्र में हुई। पुलिस के मुताबिक, मुस्करा कस्बे की तीन वर्षीय बच्ची बीती रविवार दोपहर घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान कस्बे का ही रहने वाला आरोपित हीरा उसे बहलाकर अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह बच्ची को नई बस्ती के पास अरहर के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद पैजामी से गला कसकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में छोड़कर घर लौट आया। पिता के मुताबिक, रविवार शाम बेटी घर और आसपास नहीं मिली तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पड़ोसियों के साथ खेतों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई। बाद में बच्ची के लापता होने की सूचना पुलिस को दी गई। परिजनों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उधर, पुलिस के अनुसार, आरोपित हीरा भी परिजनों के साथ बच्ची की तलाश करने का दिखावा करता रहा, ताकि किसी को उस पर शक न हो। हालांकि, उसकी गतिविधियों पर संदेह होने पर परिजनों ने उसे पकड़कर पूछताछ की। आरोप है कि पूछताछ में उसने बच्ची का शव अरहर के खेत में होने की जानकारी दी। इसके बाद खेत से बच्ची का शव बरामद किया गया।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। बच्ची का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया के दौरान परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा। ग्रामीणों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पुलिस की छह से अधिक गाड़ियों में तोड़फोड़ की और सीओ की गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। बाद में पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद मामला शांत हुआ।

एएसपी अरविंद कुमार वर्मा ने सोमवार को बताया कि आरोपित हीरा को गिरफ्तार कर लिया है। मुठभेड़ में उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। उसका उपचार जिला अस्पताल में चल रहा है।--------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा