नायब तहसीलदार का पैर तोड़ने वाला तीसरा इनामी बदमाश मुठभेड़ गिरफ्तार
- अब तक गिरफ्तार हाे चुके सात अपराधी
सुलतानपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में खनन माफियाओं ने 13 दिन पूर्व नायब तहसीलदार और दो लेखपालों पर हमला कर दिया था। नायब तहसीलदार का पैर टूट गया था। इस मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शनिवार देर रात मुठभेड़ के दौरान एक और अपराधी काे गिरफ्तार किया है। वह पुलिस की गाेली से घायल है। उस पर पचीस हजार रुपये का इनाम है। इस प्रकरण में ये तीसरी मुठभेड़ है और अब तक कुल सात अपराधी गिरफ्तार किये जा चुके हैं।
सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने रविवार को बताया कि कोतवाली नगर थाना की टीम की बदमाशों से बीती रात मुठभेड़ हुई। नगर के पांचोपीरन निवासी कामरान खान घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से .315 बोर का देशी तमंचा, इसी बोर का एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, कामरान के खिलाफ 2021, 2024 और 2026 में कोतवाली नगर थाने में केस दर्ज हैं। इनमें मारपीट, धमकी और अन्य धाराएं शामिल हैं।
उन्हाेंने बताया कि इससे पहले चार नवंबर को पहली मुठभेड़ कोतवाली नगर के खैचला में हुई थी, जहां पुलिस ने राहुल सिंह, नौशाद और मनोज सिंह को गिरफ्तार किया था। राहुल सिंह के पैर में गोली लगी थी। पुलिस अभियुक्ताें के पास से 32 बोर की एक पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और स्कॉर्पियो का जब्त की थी। राहुल सिंह के खिलाफ जिले के अलग-अलग थानों में 10 मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इनके पास से अवैध मिट्टी खनन में इस्तेमाल किए गए चार डंपर भी मिलने की बात कही।
दूसरी मुठभेड़ अखंडनगर थाना क्षेत्र में हुई थी। जहां दोनों बदमाशो के पैर में गोली लगी थी। पुलिस ने आरोपिताें की पहचान संदीप सिंह और प्रशान्त सिंह के रूप में की है। मौके से .315 बोर का एक देशी तमंचा, .12 बोर का एक देशी तमंचा, दोनों बोर के एक-एक जिंदा कारतूस और एक-एक खोखा कारतूस जब्त किया गया। पुलिस को घटना में इस्तेमाल बिना नंबर प्लेट की काली थार कार भी मिली। पुलिस के अनुसार, संदीप सिंह के खिलाफ पहले से छह मामले दर्ज हैं। वहीं 8 नवंबर को कोतवाली नगर पुलिस ने अवनीश सिंह उर्फ राणा पुत्र अर्जुन सिंह, निवासी खानपुर, कुचेरा बाजार, मिल्कीपुर, थाना इनायतनगर, अयोध्या को टुडई मोड़ से टाटियानगर जाने वाले मार्ग से गिरफ्तार किया था।
बता दें कि 02 नवम्बर की रात्रि में थाना कोतवाली नगर अंतर्गत चौकी गोड़वा रामनगर इमिलिया अंतर्गत अमिलिया कला में अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर कार्रवाई करने पहुंची राजस्व विभाग टीम के साथ अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों द्वारा मारपीट की गई थी। जिसमें नायब तहसीलदार का पैर टूटा था और दो लेखपाल भी घायल हुए थे। जिसके संबंध में थाना कोतवाली नगर पर गंभीर धाराओं में दाे अभियोग पंजीकृत किए गए थे। इसी मामले में यह कार्रवाई हुई हुई है।---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त

