home page

बिजली तार चोरी कर भाग रहे तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ में गिरफ्तार

 | 
बिजली तार चोरी कर भाग रहे तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ में गिरफ्तार


बागपत, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की खेकड़ा थाना पुलिस ने तार चोरी की घटनाओं में शामिल तीन चोरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। यह चोर कुछ दिन पूर्व क्षेत्र में हुई तार चोरी की घटनाओं का सामान उठाने के लिए जंगल में आए थे। जिनको पुलिस चेकिंग के दौरान घेर लिया गया। आरोपितों के पास से चोरी किए तार का बंडल और तीन तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं। पकड़े गए चोरों में एक शातिर अपराधी भी शामिल है, जिसके खिलाफ मेरठ मंडल के कई जिलों में 36 मुकदमे दर्ज हैं।

खेकड़ा थाना प्रभारी आशीष पुंडीर ने सोमवार को बताया कि खेकड़ा थाना क्षेत्र में काफी समय से तार चोरी की घटनाएं हो रही है। जिनका खुलासा करते हुए चार अपराधी पहले जेल भेजे जा चुके हैं। उनसे की गई पूछताछ के आधार पर ही रविवार की रात पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक पर सवार तीन बदमाश सामान लेकर आते दिखाई दिए। पुलिस ने रोका तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दो चोर घायल हैं, जिनको खेकड़ा सीएससी पर भर्ती कराया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान मेरठ खरखोद निवासी जगत उर्फ मामा,

देवेंद्र राजपूत उर्फ भूरा और अमन उर्फ काला के रूप में हुई है। जगत के खिलाफ मेरठ मंडल के विभिन्न जिलों में 36 मुकदमे दर्ज है।

पुलिस का कहना है आरोपितों के पास से तीन तमंचे, कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। इसके साथ ही जंगल से तार के टुकड़ों से भरा एक बोरा भी मिला है।

थाना प्रभारी आशीष पुंडीर ने बताया है कि चोर बागपत जनपद में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे और सारा सामान गाजियाबाद के कबाड़ी को बेच रहे थे। एक कबाड़ी को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि एक कबाड़ी अभी फरार चल रहा है। पुलिस जल्द ही फरार कबाड़ी को भी गिरफ्तार कर लेगी, ताकि बागपत क्षेत्र में हो रही तार चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाई जा सके। एसपी बागपत सूरज कुमार राय का कहना है चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमें लगाई गई है। रात्रि में भी पुलिस गश्त बढ़ाकर चेकिंग चलाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी