सुशील मूछ गैंग के 50 हजार का इनामी मुठभेड़ में ढेर
बागपत, 25 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की स्पेशल टॉस्क फोर्स (एसटीएफ) की मेरठ यूनिट और सिंघावली अहीर थाना पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ में 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश को ढेर कर दिया। आरोपित पर 38 से ज्यादा मामले दर्ज थे। वह कुख्यात सुशील मूछ गैंग का सक्रिय सदस्य था।
बागपत जिले के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सूरज कुमार राय ने बताया कि यह कार्रवाई ग्राम सेड़भर के जंगल क्षेत्र में हुई। दोनों तरफ से कई राउंड गोलियां चली। गोली लगने बदमाश घायल हो गया और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आरोपित की पहचान शामली जिले के रहने वाले विपुल उर्फ खूनी के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपित के पास से 32 बोर दो अवैध पिस्टल, भारी मात्रा में जिंदा कारतूस और एक अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। एसपी ने बताया कि उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती समेत 38 मुकदमे दर्ज हैं। वर्ष 2014 में उसने एक चर्चित हत्याकांड को अंजाम दिया था, जिसमें एक व्यक्ति को घर बुलाकर लोहे के रॉड से पीट-पीटकर मार डाला था।
वर्ष 2017 में बहन की ससुराल में लूट और महिला प्रधान की हत्या के मामले में भी उसका नाम सामने आया था। कई मामलों में वह जमानत पर बाहर आने के बाद फरार चल रहा था। शामली पुलिस की ओर से उस पर 50 हजार का इनाम रखा गया था। एसपी ने बताया कि पुलिस ने बरामद हथियार और वाहन को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन त्यागी

