गाेरखपुर: मुठभेड़ में 15 हजार का इनामी गिरफ्तार
गोरखपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाेरखपुर जिले में खजनी थाना पुलिस और एंटी थेफ्ट सेल की संयुक्त टीम ने बुधवार काे 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश काे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। घायल हाेने पर उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
थाना प्रभारी खजनी जयन्त कुमार सिंह ने बताया कि ग्राम भीटी खोरिया निवासी जितेन्द्र पासवान उर्फ लादेन को बाघागाड़ा की तरफ से जरलही पुल होते हुए उनवल की ओर आने वाले रास्ते पर मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। बाएं पैर में गोली लगने पर उसे अभिरक्षा में उपचार के लिए पीएचसी बांसगांव भेजा गया। वह थाना खजनी में दर्ज एक मुकदमें वांछित था। उस पर 15 हजार रुपये का इनाम है।उसके कब्जे से तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस तथा एक बाइक बरामद हुई है।
थाना प्रभारी ने बताया कि आराेपित के खिलाफ वर्ष 2015 से लेकर वर्ष 2026 तक गोरखपुर के विभिन्न थानों में चोरी, लूट, गैंगस्टर एक्ट, मारपीट, धमकी, सरकारी कार्य में बाधा, आगजनी, आयुध अधिनियम समेत कई धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल घायल अभियुक्त का उपचार चल रहा है, उसके स्वस्थ होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय

