संभल: मुठभेड़ में गोतस्कर घायल, थाना प्रभारी को लगी गोली
संभल, 15 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में बुधवार को असमोली थाना पुलिस की गो तस्करों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से एक बदमाश घायल हो गया, जबकि इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मोहित बलियान को गोली लगी है। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) कुलदीप सिंह ने बताया कि असमोली थाना प्रभारी अपनी टीम के साथ मढ़न चौकी के आसपास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान एक बाइक पर सवार तीन संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने जब उनका पीछा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। गोली थाना प्रभारी को जा लगी, जिसमे वह घायल हो गये। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में फायरिंग की और एक बदमाश के पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। घायल आरोपित की पहचान मैनाठेर निवासी इमरान के रूप में हुई है। पुलिस ने घायलाें काे अस्पताल पहुंचाया।
एएसपी ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इमरान के खिलाफ पहले से पशु क्रूरता और गोवंश संबंधी मामलों में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है। इस कार्रवाई के दौरान आरोपित इमरान के दो अन्य साथी मौके से फरार हो गये है, जिनकी तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / Nitin Sagar

