सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने वालों पर जयपुर पुलिस का शिकंजा
जयपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर हुड़दंग करने, शांति व्यवस्था प्रभावित करने और आमजन के लिए असुविधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ जयपुर पुलिस कमिश्नरेट ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल के निर्देशन में जयपुर कमिश्नरेट के चारों जिलों में विशेष अभियान चलाया गया। इसके तहत 60 पुलिस एक्ट के अंतर्गत एक ही दिन में कुल 529 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। वहीं, निर्धारित समय के बाद भी संचालित पाए गए बार, क्लब और रेस्टोरेंट के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई करते हुए प्रकरण दर्ज किए गए।
पुलिस कमिश्नर सचिन मित्तल ने बताया कि जयपुर पुलिस की ओर से सार्वजनिक स्थानों पर कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में चारों जिलों की पुलिस टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान जयपुर पूर्व जिले में सर्वाधिक 170 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा जयपुर दक्षिण जिले में 161, पश्चिम जिले में 116 और उत्तर जिले में 82 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस प्रकार चारों जिलों में कुल 529 व्यक्तियों को 60 पुलिस एक्ट के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि निर्धारित समय के बाद भी संचालित पाए गए बार, क्लब और रेस्टोरेंट के संचालकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत कार्रवाई की गई। इस संबंध में कमिश्नरेट क्षेत्र में कई प्रकरण दर्ज किए गए हैं।
कार्रवाई के दायरे में पुलिस थाना शास्त्री नगर क्षेत्र स्थित होटल रॉयल प्लाजा, पुलिस थाना जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में दिल्ली रोड स्थित होटल रामगढ़ पैलेस शामिल हैं। इसके अलावा दक्षिण जिले में श्याम नगर थाना क्षेत्र के टोबो बार, विधायकपुरी थाना क्षेत्र के सोल क्लब और नारायण विहार क्षेत्र के ट्रोबो क्लब के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर उत्पात मचाने, हुड़दंग करने और निर्धारित समय के बाद भी व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित कर नियमों का उल्लंघन करने वालों पर अंकुश लगाना है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने और आमजन की सुरक्षा के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दिनेश

