सारण में शराब माफियाओं की 28 भट्ठियों को पुलिस ने किया ध्वस्त
सारण, 30 मार्च (हि.स.)। जिले में अवैध शराब के गिरोह को जड़ से उखाड़ने के लिए पुलिस ने चौतरफा अभियान छेड़ दिया है। वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार के निर्देशन में पिछले 24 घंटों के भीतर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में सघन छापेमारी की गई, जिसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
इस कार्रवाई ने अवैध शराब कारोबारियों के हौसले पस्त कर दिए हैं। पुलिस ने छापेमारी के दौरान शराब निर्माण के अड्डों पर धावा बोलकर 28 अवैध भट्ठियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। मौके पर शराब बनाने के लिए रखे गए लगभग 17,720 लीटर अर्धनिर्मित शराब को पुलिस ने वहीं विनष्ट कर दिया। इसके अतिरिक्त, पुलिस ने कुल 4,358.84 लीटर अवैध शराब जप्त की है, जिसमें स्प्रीट 4,012 लीटर, देशी शराब 254 लीटर और विदेशी शराब 92.84 लीटर शामिल हैं।
इस विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 04 धंधेबाजों को गिरफ्तार भी किया है, जिनसे पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों का पता लगाया जा रहा है। पुलिस ने आम जनता से सहयोग की अपील करते हुए हेल्पलाइन नंबर 9031036406 जारी किया है। पुलिस का आश्वासन है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार

