home page

सिलुआ घाट में दर्दनाक हादसा, नर्मदा में डूबने से दो दोस्तों की मौत

 | 
सिलुआ घाट में दर्दनाक हादसा, नर्मदा में डूबने से दो दोस्तों की मौत


जबलपुर, 14 जून (हि.स.)। नर्मदा नदी के सिलुआ घाट पर रविवार को एक दर्दनाक हादसे में दो सगे दोस्तों की डूबने से मौत हो गई। गर्मी और अवकाश का आनंद लेने पहुंचे पांच दोस्तों के समूह में शामिल ग्राम चौखड़ा निवासी 19 वर्षीय ध्रुव पटेल और 17 वर्षीय सागर पटेल नर्मदा की गहराई और तेज बहाव का शिकार हो गए।

जानकारी के अनुसार, सभी दोस्त सुबह सिलुआ घाट पर नहाने पहुंचे थे। प्रारंभिक तौर पर वे किनारे के उथले पानी में नहा रहे थे, तभी ध्रुव का पैर अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और वह भंवर में फंसकर डूबने लगा। ध्रुव को संकट में देखकर उसका मित्र सागर उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गया, लेकिन तेज धारा और भंवर की चपेट में आकर वह भी बह गया।

घटना को देखकर साथ मौजूद अन्य दोस्तों ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय ग्रामीण और नाविक मदद के लिए नदी में उतरे। हालांकि तब तक दोनों युवक पानी में लापता हो चुके थे। सूचना मिलने पर गौर चौकी प्रभारी नितिन पांडे पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एसडीआरएफ की गोताखोर टीम को बुलाया गया। नदी में तेज बहाव, गहराई और चट्टानी क्षेत्र के कारण रेस्क्यू अभियान चुनौतीपूर्ण रहा। करीब तीन घंटे की लगातार खोजबीन के बाद गोताखोरों ने घटनास्थल से लगभग 50 मीटर दूर चट्टानों के बीच फंसे दोनों युवकों के शव बरामद कर लिए।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। घटना के बाद मृतकों के परिवारों में शोक का माहौल है, वहीं पूरे क्षेत्र में इस दर्दनाक हादसे की चर्चा बनी हुई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक