पांडेपट्टी में बिस्कोमान गोदाम के समीप मिला अज्ञात व्यक्ति का शव, पहचान में जुटी पुलिस
बक्सर, 10 नवंबर (हि.स.)
शहर के पांडेपट्टी इलाके में बिस्कोमान गोदाम के समीप सोमवार की रात एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना मुफस्सिल थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक ने लाल रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी और उसकी शारीरिक बनावट कमजोर थी। हालांकि, आसपास के लोगों ने उसकी पहचान नहीं की।
मंगलवार को पुलिस ने मृतक की तस्वीर सोशल मीडिया पर जारी कर आम लोगों से उसकी पहचान करने की अपील की। पुलिस ने आग्रह किया है कि यदि कोई व्यक्ति उसे पहचानता है तो मुफस्सिल थाना या अपने नजदीकी थाने को इसकी सूचना दे सकता है।
इस संबंध में मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभू भगत ने बताया कि मंगलवार दोपहर तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। उसके पास से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन या अन्य सामान बरामद नहीं हुआ है, जिससे उसकी पहचान हो सके। प्रथम दृष्टया वह लावारिस या मानसिक रूप से विक्षिप्त प्रतीत हो रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद शव को सुरक्षित रखा गया है। पुलिस पहचान कराने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Jitendra Kumar Mishra

