home page

जबलपुरः होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गया नाबालिग डूबा, एसडीईआरएफ ने निकाला शव

 | 
जबलपुरः होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गया नाबालिग डूबा, एसडीईआरएफ ने निकाला शव


जबलपुर, 05 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में सिहोरा थाना क्षेत्र के पोंडा गांव में होली खेलने के बाद तालाब में नहाने गए एक नाबालिग की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान वेद राय के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, बुधवार शाम वेद राय अपने दोस्तों के साथ देर तक होली खेल रहा था। होली खेलने के बाद वह साथियों के साथ गांव के तालाब में नहाने पहुंचा। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर सिहोरा थाना पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और तालाब में तलाश अभियान शुरू किया गया। देर शाम तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बावजूद वेद का कोई सुराग नहीं मिल सका।

गुरुवार सुबह दोबारा रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कुछ देर की तलाश के बाद तालाब से वेद राय का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक