पुलिस हिरासत से भागा अभियुक्त का सुराग नहीं मिला, पुलिस कर्मियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज
बांदा, 16 अगस्त (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बांदा में मंडल कारागार से न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया एनडीपीएस एक्ट का आरोपित पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के तीन दिन बाद भी पुलिस उसे गिरफ्तार नहीं कर सकी है। इस मामले में ड्यूटी पर तैनात उप निरीक्षक की तहरीर पर आरोपित और निगरानी में लगे हेड कांस्टेबल के खिलाफ शहर कोतवाली में रविवार को मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस को दी गई तहरीर में उप निरीक्षक नसीम खान ने बताया कि 14 अगस्त को उनकी ड्यूटी सेशन सदर हवालात के प्रभारी के रूप में लगाई गई थी। वह मंडल कारागार से 88 बंदियों और 114 वारंट लेकर पुलिस बल के साथ सरकारी वाहन से न्यायालय पहुंचे थे। सभी बंदियों को कचहरी स्थित हवालात में दाखिल कराने के बाद एनडीपीएस एक्ट के आरोपित संजय सिंह उर्फ बाबा को आरक्षी वीर सिंह कोर्ट में पेशी के लिए ले जा रहा था।
करीब दोपहर तीन बजे संजय सिंह ने निगरानी में तैनात दीवान वीर सिंह से लघुशंका जाने की बात कही। इस पर वीर सिंह उसे न्यायालय परिसर स्थित बाथरूम तक ले गया। बाथरूम से बाहर निकलते ही आरोपित ने पुलिसकर्मी के हाथ में बंधी रस्सी को झटका दिया और मौके से भाग निकला। पुलिसकर्मी के शोर मचाने और तलाश शुरू करने के बावजूद आरोपित का पता नहीं लगा सके है।
आरोपित के फरार होने के बाद ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी घबरा गए अधिकारियों को घटना की जानकारी नहीं दी। वह करीब ढाई घंटे तक खुद ही आरोपित की तलाश करता रहा। शाम लगभग साढ़े पांच बजे तक संजय सिंह का कोई सुराग न मिलने पर उसने हवालात में मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों और अधिकारियों को घटना की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर आरोपी की तलाश के लिए एसओजी के साथ चिल्ला, पैलानी और शहर कोतवाली पुलिस की टीमें लगाई गईं। जिले के प्रमुख चेकपोस्टों पर नाकाबंदी कर वाहनों की तलाशी ली गई। इसके अलावा संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी जा रही है, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है।
कोतवाली बलराम सिंह ने बताया कि आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। उप निरीक्षक की तहरीर के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 261 और 262 के तहत आरोपित संजय सिंह तथा संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
उल्लेखनीय है कि खपटिहा कला निवासी संजय सिंह को चिल्ला थाना पुलिस ने छह जून को 65 किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया था। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

