home page

पुलिस कस्टडी से एनडीपीएस एक्ट का आरोपित हुआ फरार

 | 
पुलिस कस्टडी से एनडीपीएस एक्ट का आरोपित हुआ फरार


धौलपुर, 25 अक्टूबर (हि.स.)। धौलपुर जिला पुलिस द्वारा एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार आरोपित पुलिस कस्टडी से फरार हो गया है। रविवार सुबह आरोपित की फरारी के बारे में जानकारी मिली। पुलिस कस्टडी से आरोपित के फरार होने के बाद में पुलिस महकमे में हडकंप मचा है तथा पुलिस की कई टीमें फरार हुए आरोपित की तलाश में जुटीं हैं। इस संबंध में लापरवाही बरते जाने पर डयूटी पर तैनात संतरी को निलंबित किया गया है। वहीं, आरोपित के विरुद्व पुलिस में मामला दर्ज किया गया है।

जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने बताया कि दिहौली थाने में पुलिस कस्टडी से एक आरोपित श्रीनिवास टी निवासी गांव रघुदेव पुरम थाना सीतानगरम जिला राजमंदरी आन्ध्रप्रदेश फरार हो गया। रविवार सुबह संतरी डयूटी बदलने के दौरान आरोपित के फरार होने की जानकारी मिली। प्रारंभिक पडताल में आरोपित के खिडकी तोडकर भागने के बारे में जानकारी मिली है। पुलिस कस्टडी से फरार हुए आरोपित की तलाश के लिए दिहाैली थाना प्रभारी शैतान सिंह सहित अन्य अधिधारियाें की अगुवाई में कई टीमें लगाई गईं हैं। इसके साथ ही पुलिस थाने में आरोपित के विरुद्व फरारी का मामला दर्ज किया गया है। एसपी ने बताया कि इस मामले में गंभीर लापरवाही मानते हुए डयूटी पर तैनात संतरी विष्णु कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।

उल्लेखनीय कि करीब दस दिन पूर्व धौलपुर पुलिस ने आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर एक कार से अवैध गांजे की बडी खेप पकडी थी। जिले के मनियां थाना इलाके में हुई इस कार्रवाई में पुलिस ने गांजा ले जा रहे दो आरोपिताें श्रीनिवास टी निवासी गांव रघुदेव पुरम थाना सीतानगरम जिला राजमंदरी आन्ध्रप्रदेश तथा गेडम अमर चेतन्य निवासी रामाल्यम स्ट्रीट मुगल्या थाना सीतानगरम जिला ईस्ट गोदावरी आन्ध्रप्रदेश को गिरफ्तार किया था। आरोपिताें के पास कार में मिले 11 प्लास्टिक के कट्टों में अवैध मादक पदार्थ गांजा बजन 261.11 किलोग्राम मिला। पुलिस द्वारा की गई पूछताछ में दाेनों आरोपिताें ने अवैध गांजे को बल्लीगौडा से दौसा के लिए ले जाना बताया। प्रकरण में जब्तशुदा अवैध गांजे की बाजार कीमत करीब 1.30 करोड रुपये बताई जा रही है। इस मामले में श्रीनिवास टी को पुलिस कस्टडी में लेकर पूछताछ की जा रही थी। तभी वह भाग निकला। जबकि दूसरा आरोपित गेडम अमर चेतन्य न्यायिक अभिरक्षा में धौलपुर जिला कारागृह में बंद है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप