रामपुर चौकी में छेड़छाड़ की शिकायत पर बोले दोबारा हो तो बताना, दो दिन बाद उन्हीं ने किया नाबालिग का अपहरण
जबलपुर, 03 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले के गोरखपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की कथित लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पीड़ित मां द्वारा अपनी नाबालिग बेटियों के साथ हो रही छेड़छाड़ की शिकायत लेकर रामपुर चौकी पहुंची जहां उसे यह कहकर लौट दिया कि अब दोबारा हो तो बताना तथा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की। इसके दो दिन बाद ही आरोपितों ने नाबालिग लड़की का कथित रूप से अपहरण कर लिया।
सोमवार को मिली जानकारी के अनुसार, गोरखपुर थाना क्षेत्र के छुई खदान निवासी महिला ने बताया कि उसके पति पैरालिसिस से पीड़ित हैं। क्षेत्र के विकास केवट और अर्जुन पासी नामक दो युवक उसकी दोनों नाबालिग बेटियों को स्कूल आते-जाते समय लगातार परेशान करते थे। महिला का आरोप है कि एक दिन आरोपितों ने चलती बाइक से उसकी बेटी का हाथ पकड़कर खींचने का भी प्रयास किया।
महिला ने इस घटना की शिकायत रामपुर चौकी में की, लेकिन आरोप है कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और कार्रवाई करने के बजाय बाद में आने की बात कहकर उसे लौटा दिया।
पीड़िता के अनुसार, शिकायत के दो दिन बाद ही दोनों आरोपित उसकी नाबालिग बेटी को कथित रूप से अपने साथ ले गए। घटना के बाद से बच्ची का अब तक पता नहीं चल सका है। न्याय की गुहार लेकर महिला सोमवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंची। मामला सामने आने के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा ने गोरखपुर थाना प्रभारी को तत्काल कार्रवाई और नाबालिग की शीघ्र तलाश के निर्देश दिए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा नाबालिग की तलाश के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, इस घटना ने रामपुर चौकी पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

