जबलपुरः अवैध मदरसे की शिकायत वाले मामले में हिंदू संगठन के पदाधिकारी को थाना प्रभारी द्वारा धमकाने के आरोप
जबलपुर, 02 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में खजरी खिरिया स्थित सीलिंग की जमीन पर बन रहे अवैध मदरसे की शिकायत वाले मामले में हिंदू संगठन के पदाधिकारी को बेलबाग थाना प्रभारी द्वारा सार्वजनिक तौर पर धमकाने का आरोप है।
विश्व हिंदू महासंघ के अध्यक्ष विकास खरे द्वारा आरोप लगाया गया कि उन्होंने खजरी खिरिया स्थित सीलिंग की जमीन पर अवैध मदरसा बनाने की शिकायत डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा से की थी, जिस पर उन्होंने जिला प्रशासन को जांच के लिए कहा था। परंतु समय बीत जाने के बाद जब कार्रवाई नहीं हुई तो हिंदू संगठन ने विरोध प्रदर्शन एवं पुतला दहन की घोषणा की।
विकास खरे का आरोप है कि गुरुवार को जब वह एक धार्मिक कार्यक्रम में उपस्थित थे वहीं बेलबाग थाना प्रभारी संजय पाटकर आए एवं उन्होंने उनसे अभद्र भाषा कहते हुए सार्वजनिक तौर पर अपमानित करते हुए धमकाया। हिंदू संगठन ने यह भी आरोप लगाए हैं कि यह बात उस समय कही गई जब कई राजनीतिक लोग वहां मौजूद थे। विकास ने मीडिया से चर्चा के दौरान बताया कि उनको खतरा है।
वहीं जब इस बाबत थाना प्रभारी संजय पाटकर से बात की गई तो उन्होंने सारे आरोपों को नकार दिया। उनका कहना था कि मैं विकास को जानता भी नहीं, ना ही इनसे कोई बात हुई। वहीं हिंदू संगठन के लोगों का कहना है कि उनके पास सीसीटीवी फुटेज के साथ उस समय मौजूद लोग हैं जिससे पूरी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

