शिमला में नशे के नेटवर्क पर कार्रवाई तेज करने के निर्देश, साइबर निगरानी और गश्त बढ़ाने पर जोर
शिमला, 20 अगस्त (हि.स.)। शिमला पुलिस ने नशे के कारोबार से जुड़े बड़े नेटवर्क तक पहुंचने, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध संपत्ति को फ्रीज करने की कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों को एनडीपीएस मामलों में बैकवर्ड लिंकज की जांच के साथ वित्तीय जांच को प्राथमिकता देने को कहा गया है। जरूरत वाले मामलों में पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत निवारक कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए। ये फैसले जिला पुलिस शिमला की मासिक अपराध समीक्षा बैठक में लिए गए।
महिलाओं से जुड़े मामलों में संवेदनशील जांच पर जोर
बैठक में जिले के संवेदनशील मामलों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को मामलों की समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण जांच करने के निर्देश दिए गए। महिलाओं से जुड़े अपराधों की जांच में विशेष संवेदनशीलता बरतने और पीड़ित-केंद्रित तरीके से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया। ऐसे मामलों में त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। लंबित मामलों का भी जायजा लिया गया और उनके जल्द निस्तारण के लिए अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए गए।
चोरी और सेंधमारी के मामलों में जल्द खुलासा करने के निर्देश
संपत्ति से जुड़े अपराधों, खासकर चोरी और सेंधमारी के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी हुए सामान की बरामदगी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। पुलिस अधिकारियों को इन मामलों का जल्द खुलासा करने के साथ जांच की गुणवत्ता और सफलता दर में सुधार करने के निर्देश दिए गए।
साइबर पेट्रोलिंग और रात की गश्त मजबूत करने पर जोर
बैठक में साइबर पेट्रोलिंग को और प्रभावी बनाने तथा सोशल मीडिया और डिजिटल माध्यमों पर लगातार निगरानी रखने को कहा गया। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रात्रि गश्त, नाकाबंदी और दूसरी निवारक कार्रवाइयों को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। अपराध की रोकथाम और मामलों के खुलासे में तकनीकी साधनों और पारंपरिक पुलिसिंग के बेहतर तालमेल से काम करने पर चर्चा हुई।
पुलिसकर्मियों को अनुशासन और टीम भावना से काम करने की हिदायत
बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, शिमला ने की। इसमें जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल हुए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों से अनुशासित और पेशेवर तरीके से काम करने का आह्वान किया। उन्होंने पुलिस वर्दी और जिम्मेदारियों पर गर्व करते हुए जनता को संवेदनशील और प्रभावी पुलिस सेवा देने पर जोर दिया।
बैठक में जुलाई महीने के दौरान जिले में अपराध की स्थिति और इस साल अब तक अपराध के रुझानों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस बल के कल्याण और सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों और कर्मचारियों की ओर से उठाए गए मामलों पर आवश्यक निर्णय और दिशा-निर्देश जारी किए गए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा

