जबलपुरः आरोपियों के पुलिस वाहन में वीडियो बनाकर वायरल करने वाले की तलाश जारी
जबलपुर, 19 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ रील बनाकर अपराध का महिमामंडन करने और गिरफ्तारी के बाद जेल जाते समय के वीडियो वायरल करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है।
गोहलपुर पुलिस ने हथियारों से जुड़े मामले में आसिफ पठान और दानिश अली को गिरफ्तार किया था। इसी दौरान पुलिस द्वारा आरोपियों को ले जाते समय किसी व्यक्ति ने अनधिकृत रूप से वीडियो बना लिया, जिसे बाद में पृष्ठभूमि में संगीत जोड़कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया।
शनिवार को वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान करने में जुटी है, जिसने आरोपियों का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित किया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वीडियो बनाने और वायरल करने वाले के खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन और गिरफ्तारी या जेल जाने को गौरवान्वित करने वाली सामग्री युवाओं के बीच गलत संदेश देती है। पुलिस इस प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए दो स्तरों पर काम कर रही है।
एक तरफ युवाओं को अपराध के कानूनी और सामाजिक परिणामों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान और लघु फिल्में तैयार की जा रही हैं। दूसरी ओर, हथियारों के प्रदर्शन, अपराध के महिमामंडन और ऐसी सामग्री को प्रसारित करने वालों के खिलाफ उपलब्ध कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पर अपराध का ‘शो-ऑफ’ करने वालों पर नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता या दबदबा दिखाने के लिए बनाई गई ऐसी सामग्री संबंधित लोगों के लिए कानूनी परेशानी का कारण बन सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

