जबलपुर में पुलिस की कॉम्बिंग गश्त : 229 वारंट तामील, 29 अवैध शराब कारोबारी गिरफ्तार
जबलपुर, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर पुलिस ने शनिवार देर रात से रविवार तड़के तक व्यापक कॉम्बिंग गश्त की। इस कार्रवाई में पुलिस टीमों ने जिलेभर में दबिश देकर लंबे समय से फरार आरोपियों और वारंटियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर आयुष जाखड़, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु बेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-2 पल्लवी शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय सूर्यकांत शर्मा और सहित नगर पुलिस अधीक्षकों, उप पुलिस अधीक्षकों और एसडीओपी के मार्गदर्शन में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ कॉम्बिंग गश्त की।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कई वर्षों से फरार 108 गैर-जमानती वारंटियों को गिरफ्तार किया। इसके अलावा 74 गिरफ्तारी वारंट और 47 जमानती वारंट भी तामील किए गए। इस तरह कुल 229 वारंटों की तामीली की गई। लंबे समय से पुलिस से बच रहे आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
अवैध शराब के खिलाफ भी पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। शराब कारोबारियों के ठिकानों पर दबिश देकर 29 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 51 लीटर कच्ची शराब और 116 पाव देशी-अंग्रेजी शराब जब्त की गई।
कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की भी चेकिंग की। देर रात आने-जाने वाले लोगों से पूछताछ की गई तथा रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय ने कहा कि यह कार्रवाई पुलिस के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। जनता में सुरक्षा की भावना पैदा करना और कानून का पालन सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिकता है। लंबे समय से कानून से बच रहे अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई आवश्यक थी। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

