home page

जबलपुर: विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत 7 घायल

 | 
जबलपुर: विवाद ने लिया हिंसक रूप, दो पक्षों में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत 7 घायल


जबलपुर, 03 मार्च (हि.स.)। जिले के चरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्बावारी में सरकारी जमीन के रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद, खूनी संघर्ष में बदल गया। घटना में महिलाओं समेत कुल सात लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार विवाद लक्ष्मण पटेल और कोमल पटेल के गुटों के बीच हुआ। मंगलवार को सरकारी भूमि पर बने रास्ते के उपयोग को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों ओर से लाठी-डंडे और धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया।

चरगवां थाना के एएसआई प्रकाश सिंह पटेल ने बताया कि संघर्ष में दोनों पक्षों के लोग घायल हुए हैं। कोमल सिंह लोधी पक्ष से कोमल समेत पांच लोग घायल हुए हैं, जबकि लक्ष्मण सिंह और उनकी पत्नी सहित दो लोग घायल बताए गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है तथा मामले की विस्तृत जांच जारी है।

ग्रामीण क्षेत्र में हुए इस घटनाक्रम के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस बल तैनात कर स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक