home page

सागर: लोहे के सरिया चोरी का महज 23 घंटे में खुलासा, कार और 3 टन सरिया सहित 2 आरोपी गिरफ्तार

 | 
सागर: लोहे के सरिया चोरी का महज 23 घंटे में खुलासा, कार और 3 टन सरिया सहित 2 आरोपी गिरफ्तार


सागर, 08 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में राहतगढ़ थाना पुलिस ने स्टील यार्ड से भारी मात्रा में सरिया चोरी होने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 23 घंटे के भीतर चोरी का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लगभग 6.83 लाख रुपये का माल (मशरूका) बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार, 7 अगस्त 2026 को 'माधव इन्फ्रा प्रोजेक्ट लिमिटेड' कंपनी के लायजनिंग कर्मचारी ब्रजकिशोर तिवारी ने थाना राहतगढ़ में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, राहतगढ़-बेरखेड़ी रोड पर स्थित कंपनी के स्टील यार्ड से अज्ञात चोरों ने लगभग 5 टन लोहे का सरिया (अनुमानित कीमत ₹3 लाख) पार कर दिया था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उच्च अधिकारियों को सूचित किया। राहतगढ़ थाना प्रभारी निरीक्षक मुकेश सिंह ठाकुर के नेतृत्व में आरोपियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने घटना स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य जुटाए। पुलिस की सतर्कता, साइबर सपोर्ट और त्वरित विश्लेषण का परिणाम यह रहा कि एफआईआर दर्ज होने के मात्र 23 घंटे के भीतर 2 मुख्य आरोपियों को दबोच लिया गया।

पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपी दिल्ली के मूल निवासी हैं और वर्तमान में राहतगढ़ में रह रहे थे।

बंटी सिंह सरदार (सिकलागर) पिता रामसिंग (उम्र 37 वर्ष)

शनि सिंह उर्फ सन्नी सिंह सरदार (सिकलागर) पिता बलजीत सिंह (उम्र 33 वर्ष)

(दोनों निवासी कल्याणपुरी, दिल्ली, हाल निवासी, वार्ड क्रमांक 13, राहतगढ़)

पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई गाड़ी और चोरी का माल जब्त कर लिया है।

चोरी का सरिया लगभग 03 टन (कीमत करीब ₹1,83,000/-)

प्रयुक्त वाहन, घटना में इस्तेमाल की गई पुरानी i10 कार (कीमत करीब ₹5,00,000/-)

कुल बरामदगी लगभग ₹6,83,000/- बताई गई है।

पूछताछ और जांच के दौरान इस गिरोह में शामिल अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरोह के बाकी सदस्य अब्बास मुसलमान, राहुल, अमर सिंह, ड्रायवर सतीश और रोहित सिंह फिलहाल फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी और शेष बचे 2 टन सरिया की बरामदगी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार चौबे