जांजगीर में अवैध 35 पाव देशी शराब के साथ आरोपित गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा, 05 जून (हि. स.)।छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में सिटी कोतवाली जांजगीर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से शराब का परिवहन और बिक्री कर रहे एक आरोपित को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से 35 पाव देशी प्लेन शराब जब्त की है, जिसकी अनुमानित कीमत 2,800 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जिले में अवैध नशे और शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सिटी कोतवाली जांजगीर थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली कि बाजार पारा क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से शराब बिक्री कर रहा है।
सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान लाल यादव(45 वर्ष) निवासी बाजार पारा, जांजगीर के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 35 पाव देशी प्लेन मदिरा बरामद की गई। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया। बाद में आरोपी को न्यायालय में पेश कर आज न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
जांजगीर-चांपा पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब, नशे और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में सिटी कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता, सहायक उपनिरीक्षक मुकेश कुमार पांडेय, आरक्षक नीतीश विश्वकर्मा तथा हजारी लाल मेरसा की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके संयुक्त प्रयास से यह सफलता मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

