home page

देवारपारा में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई

 | 
देवारपारा में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस की कार्रवाई, 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई


रायपुर, 15 नवंबर (हि. स.)। राजधानी रायपुर के सुभाष नगर देवारपारा में नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए 26 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है।

यह कार्रवाई 15 नवंबर 2026 को थाना तेलीबांधा पुलिस, एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और थाना स्टाफ की संयुक्त टीम ने की।

पुलिस के अनुसार, थाना तेलीबांधा क्षेत्र के सुभाष नगर देवारपारा में गांजे की खरीदी-बिक्री और नशे के अवैध कारोबार को लेकर लगातार शिकायतें एवं सूचनाएं मिल रही थीं। इन गतिविधियों पर रोक लगाने और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस ने इलाके में दबिश देकर सघन जांच अभियान चलाया।

इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाए गए कुल 26 व्यक्तियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि, शहर में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और नशे से जुड़ी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों पर लगातार निगरानी रखी जाएगी और उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

वहीं, रायपुर पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आसपास होने वाली नशे की अवैध गतिविधियों की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर