गश्त पर निकले पुलिस कॉन्स्टेबल की हत्या, लहूलुहान शव मिलने से सनसनी
जयपुर, 03 मई (हि.स.)। जिले में गश्त पर निकले एक पुलिस कॉन्स्टेबल का लहूलुहान शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। बनेठा थाना क्षेत्र की ककोड़ चौकी में तैनात 26 वर्षीय कॉन्स्टेबल भागचंद सैनी का शव रविवार सुबह उनियारा इलाके के रुपवास मोड़ के पास सुनसान स्थान पर मिला। शव पर चेहरे, गर्दन और सीने पर गंभीर चोटों तथा धारदार हथियार के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के पास उनकी बाइक भी पड़ी मिली।
जानकारी के अनुसार कॉन्स्टेबल भागचंद शनिवार देर रात करीब 12 बजे गश्त के लिए बाइक लेकर निकले थे, लेकिन रविवार सुबह ग्रामीणों ने उनका शव सड़क किनारे पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रतनलाल भार्गव और डीएसपी मृत्युंजय मिश्रा मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे। बेटे का शव देखकर पूर्व पार्षद पिता कालूलाल सैनी बेसुध हो गए। परिवार और स्थानीय लोगों ने हत्या के पीछे बजरी माफिया का हाथ होने की आशंका जताई है।
परिजनों का आरोप है कि उनके बेटे की सुनियोजित हत्या की गई है।
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सआदत अस्पताल लाया गया, जहां परिजनों ने आर्थिक सहायता, सरकारी नौकरी और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर करीब दो घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ वार्ता के बाद पुलिस मुख्यालय से आए पत्र में मृतक परिवार को एक करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक आर्थिक सहायता, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार तथा अन्य सरकारी लाभ देने की सहमति जताई गई।
इसके बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए राजी हुए।
बनेठा थाना प्रभारी भागीरथ चौधरी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस अधीक्षक राजेश मीणा ने कहा कि मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
भागचंद सैनी की शादी अप्रैल 2022 में हुई थी। उनके परिवार में पत्नी टीना, 21 माह का पुत्र कार्तिक, माता-पिता, दो भाई और तीन बहनें हैं। वर्ष 2018 में पुलिस सेवा में नियुक्त हुए भागचंद परिवार के सबसे छोटे सदस्य थे।
इस दर्दनाक घटना ने न केवल पुलिस महकमे बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर दिया है। पुलिसकर्मी की हत्या को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित

