home page

जबलपुरः पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 358 वारंट तामील; वर्षों से फरार आरोपी गिरफ्तार

 | 
जबलपुरः पुलिस की कॉम्बिंग गश्त में बड़ी कार्रवाई, 358 वारंट तामील; वर्षों से फरार आरोपी गिरफ्तार


जबलपुर, 29 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में अपराधों पर अंकुश लगाने और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस ने व्यापक स्तर पर कॉम्बिंग गश्त अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर 28 नवंबर की रात से 29 नवंबर की सुबह तक चले इस अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता मिली। इस दौरान कई वर्षों से फरार आरोपियों के 358 वारंट तामील किए गए। इनमें 226 गैर जमानती वारंट, 106 गिरफ्तारी वारंट और 26 जमानती वारंट शामिल हैं।

अभियान के तहत शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के सभी थाना प्रभारियों ने पुलिस बल के साथ अलग-अलग टीमें बनाकर फरार वारंटियों और लंबित मामलों के आरोपियों की तलाश में दबिश दी। प्रत्येक थाने में गठित टीमों का नेतृत्व थाना प्रभारी सहित उपनिरीक्षक और सहायक उपनिरीक्षक स्तर के अधिकारियों ने किया। पुलिस टीमों ने चिह्नित आरोपियों के ठिकानों पर पहुंचकर उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

एसपी सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर चलाए गए इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मनीष भारद्वाज, जितेन्द्र सिंह, पल्लवी शुक्ला, अंजना तिवारी और यातायात एएसपी अखिलेश तिवारी सहित सभी नगर पुलिस अधीक्षकों, एसडीओपी और थाना प्रभारियों की भूमिका रही।

कॉम्बिंग गश्त के दौरान पुलिस ने सक्रिय गुंडे-बदमाशों की गतिविधियों की जांच की। देर रात आने-जाने वाले लोगों को रोककर पूछताछ की गई। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड और मुसाफिरखानों में संदिग्ध व्यक्तियों तथा वाहनों की सघन चेकिंग भी की गई। अभियान का उद्देश्य संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण के साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर अंकुश लगाना रहा।

एसपी सम्पत उपाध्याय ने कहा कि कानून से लंबे समय तक बचते रहे आरोपियों की गिरफ्तारी और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत करना पुलिस की प्राथमिकता है। अपराधियों के विरुद्ध इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक