जबलपुरः खतरनाक ड्राइविंग का वीडियो वायरल, बेलबाग पुलिस ने 5 वाहन चालकों पर दर्ज किया केस
जबलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोशल मीडिया पर तेज रफ्तार और खतरनाक तरीके से कार चलाने का वीडियो वायरल होने के बाद बेलबाग पुलिस ने गुरुवार को पांच वाहन चालकों और वाहन स्वामियों के खिलाफ कार्रवाई की है। पुलिस ने मामले में बीएनएस की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66(1)/192(1) के तहत प्रकरण दर्ज कर तीन वाहनों को जब्त किया है।
पुलिस के अनुसार, 28 अक्टूबर 2026 को कुछ कार चालकों का तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बेलबाग पुलिस ने वीडियो की जांच करते हुए आसपास की दुकानों से जानकारी जुटाई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। जांच में घटनास्थल बेलबाग थाना क्षेत्र का पाया गया।
वीडियो में दिखाई दे रहे वाहनों की पहचान के बाद पुलिस ने मारुति फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP 20 ZP 2660 के स्वामी अभिजीत जाट और चालक गौरव उर्फ प्रिंस विश्वकर्मा (23), मारुति फ्रॉन्क्स MP 20 ZJ 2375 के मालिक श्रीराम जाट और चालक पीयूष जाट, काले रंग की थार MP 20 ZX 9124 की स्वामिनी मीनाक्षी जाट और चालक सत्यजीत जाट के साथ स्विफ्ट कार MP 20 ZD 3437 तथा फॉर्च्यूनर MP 20 CF 2710 के चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की। पुलिस ने मामले में तीन कारें, मारुति फ्रॉन्क्स, थार और फ्रॉन्क्स कार क्रमांक MP 20 ZP 2660—जब्त कर विवेचना में लिया है।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देशन में सोशल मीडिया पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और सार्वजनिक सड़कों पर स्टंटबाजी व खतरनाक ड्राइविंग से बचने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विलोक पाठक

